जयपुर में 14 साल के स्टूडेंट को आया हार्ट अटैक हॉस्पिटल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

25 Dec, 2023
Head office
Share on :
14 साल के स्टूडेंट को आया हार्ट अटैक

Rajasthan Jaipur: राजस्थान की जयपुर के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ने वाले 14 वर्षीय लड़के की क्लास के बाहर हार्ट अटैक की वजह से मौत हो गई है। इस घटना से छात्र के परिवार वाले और डॉक्टर भी हैरान हैं। छात्र की पहचान योगेश सिंह के रूप में हुई है। जो 9वीं कक्षा में पढ़ता था।

ये घटना जयपुर के करधनी इलाके के प्राइवेट स्कूल की है। करधनी थाने के हेड-कांस्टेबल मनोज कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान योगेश सिंह के रूप में हुई है, जो 9वीं कक्षा का छात्र था।

क्लास में जाते समय चक्कर आए और नीचे गिर गया

करधनी इलाके की एक निजी स्कूल में पढने वाला 14 वर्षीय योगेश सिंह 9वीं क्लास का छात्र था। रोज की तरह वह मंगलवार 19 दिसंबर को स्कूल पहुंचा। उसका बड़ा भाई उसे स्कूल छोड़कर घर लौटा था। प्रार्थना के बाद योगेश अपनी क्लास में जा रहा था। उसी दौरान वह नीचे गिर गया। स्कूल के टीचर्स ने योगेश को संभाला लेकिन वह बेसुध हो गया। ऐसे में तत्काल उसे निजी अस्पताल पहुंचाया गया। निजी हॉस्पिटल से उसे एसएमएस हॉस्पिटल रैफर कर दिया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हार्ट का साइज सामान्य से बड़ा, पंप नहीं कर पा रहा था

सवाई मानसिंह हॉस्पिटल के मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. कालूराम यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मांसपेशियां अत्यधिक सिकुड़ने और हार्ट का साइज बढ़ने से योगेश सिंह की मौत हुई है। एक सामान्य व्यक्ति के हार्ट का वजन 250 से 300 ग्राम होता है, लेकिन योगेश के हार्ट का वजन 650 ग्राम था। उसका हार्ट पंप नहीं कर पा रहा था, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के दौरान लिए गए सैंपल जांच के लिए अलग-अलग लैब में भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने पर तथ्यात्मक कारण सामने आएगा।

ये घटना 19 दिसंबर को सुबह लगभग 8.30 बजे हुई, जब छात्र योगेश सिंह कक्षा में जा रहा थे और अपने शिक्षक पर गिर पड़े। हेड-कांस्टेबल मनोज कुमार ने कहा कि, “छात्र के बेहोश के बाद स्कूल प्रशासन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गया और वहां से उसे एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन वह बच नहीं सका।”

बीएसएफ के जवान का बेटा था योगेश सिंह

योगेश के पिता तंवर सिंह बीएसएफ में हैं। उनकी पोस्टिंग जम्मू कश्मीर में है जो इन दिनों छुट्टियों पर आए हुए हैं। हादसे के दिन योगेश के माता पिता सीकर जिले के फतेहपुर स्थित अपने गांव गए हुए थे क्योंकि योगेश के दादा की तबीयत खराब थी। स्कूल की ओर से सूचना मिलने पर तंवर सिंह जयपुर आए लेकिन तब तक योगेश की जान जा चुकी थी।