नई दिल्ली। नए सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को स्वदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘कू’ ज्वाइन कर लिया। उन्होंने पहली पोस्ट नए आईटी नियमों को लेकर की, जिसमें नियमों को सशक्त और यूजर्स को संरक्षित रखने वाला बताया।जो सोशल मीडिया के यूजर्स को लिए सुरक्षित होगा…..
नए आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही पोस्ट की। आईटी मंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर के साथ सूचना प्रौद्योगिकी नियम 2021 के कार्यान्वयन और अनुपालन की समीक्षा की। नए नियम यूजर्स को सशक्त और सरंक्षित करेंगे। साथ ही भारत में एक सुरक्षित और जिम्मेदार सोशल मीडिया माहौल सुनिश्चित करेंगे ।
आईटी मंत्री अश्वनी वैष्णव ने यह संदेश तब दिया, जब रविवार को ट्विटर इंडिया ने नए आईटी नियमों का पालन करते हुए भारत में विनय प्रकाश को शिकायत अधिकारी नियुक्त किया है।
बता दें कि, अश्विनी वैष्णव ने इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय और संचार मंत्रालय में सीनियर बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद की जगह ली है। उन्होंने 8 जुलाई को मंत्रालय का कार्यभार संभाला। भारत में नए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) नियमों का अनुपालन करने में विफल रहने की वजह से ट्विटर लगातार विवादों के घेरे में रहा है। 26 मई को लागू इन नए आईटी नियमों को लेकर सरकार के साथ महीनों की तनातनी के बाद ट्विटर ने अपनी पहली अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें कहा गया कि कंपनी ने 133 पोस्ट और 18,000 से अधिक अकाउंट्स को निलंबित कर दिया है। फेसबुक और गूगल नए आईटी नियमों के अनुसार अपनी अनुपालन रिपोर्ट पहले ही जारी कर चुके हैं।