श्रावण मास में पंचक समाप्त होते ही नीलकंठ महादेव मंदिर में शिवभक्तों की संख्या में अचानक भारी उछाल आया है।
पंचक का समय बीतते ही कांवड़ियों की संख्या में एकाएक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, साथ ही तेज गति से पहुंचने वाली डाक कांवड़ का आगमन भी शुरू हो चुका है।
प्रशासन और मंदिर समिति का अनुमान है कि आज से लेकर 11 अगस्त तक नीलकंठ में कांवड़ियों की संख्या में काफी तेजी से इजाफा होगा। पौड़ी पुलिस के अनुसार, सावन के इस पावन महीने में अब तक 11 लाख से अधिक कांवड़िए नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर चुके है। सिर्फ आज ही 60 हजार से ज्यादा शिवभक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक करा है।
नीलकंठ धाम के मुख्य पुजारी शिवानंद गिरि ने बताया कि पंचक खत्म होते ही कांवड़ियों की संख्या में अप्रत्याशित तेजी देखी जा रही है और धाम में हर तरफ बम-बम भोले के जयकारे गूंज रहे हैं।
डाक कांवड़ की एंट्री और भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है।
एसएसपी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त व सख्त कर दिया गया है।
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।