नई दिल्लीः YouTube अपने यूजर्स और वीडियो क्रिएटर्स के लिए लगातार नए नए फीचर्स लॉन्च कर रहा हैं। कंपनी ने एक और फीचर जारी किया है, जिसका नाम है ‘सुपर थैंक्स’। इस फीचर के जरिए यूजर्स व वीडियो मेकर्स को पैसा कमाने में मदद मिलेगी। वहीं, इस फीचर से फेसबुक और इंस्टाग्राम को भी कड़ी टक्कर दी जायेगी। यूट्यूब के मुताबिक, यूजर्स सुपर थैंक्स फीचर के माध्यम से अपने पसंदीदा वीडियो क्रिएटर को 2 से 50 डॉलर तक टिप दे सकते हैं। भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूट्यूब यूजर्स के कमेंट के साथ-साथ दिए गए पैसों को कमेंट सेक्शन में हाइलाइट करेगा। यूट्यूब के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर नील मोहन ने कहा, ”यूट्यूब में हम हमेशा नए तरीकों की तलाश में रहते हैं, जिससे निर्माता अपनी आय में विविधता ला सकें. इसलिए मैं भुगतान पर आधारित सुपर थैंक्स की शुरुआत को लेकर उत्साहित हूं. यह नई सुविधा वीडियो क्रिएटर्स को पैसे कमाने का एक और तरीका देती है, और दर्शकों के साथ उनका संबंध भी मजबूत बनाती है.”सुपर थैंक्स वीडियो क्रिएटर्स के लिए चौथा पेड डिजिटल स्रोत है इससे पहले 2017 में सुपर चैट, 2018 में चैनल सदस्यता और 2019 में सुपर स्टिकर जैसे फीचर्स शामिल हैं.