उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर काफी बढ़ गया है।

13 Jul, 2026
Head office
Share on :

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर काफी बढ़ गया है।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने राम झूला और लक्ष्मण झूला क्षेत्रों में गंगा पार कराने वाली मोटर बोटों के संचालन पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी है। गंगा की लहरों पर मोटर बोट की सवारी करने का शौक रखने वाले हजारों पर्यटकों को इस फैसले से मायूसी हाथ लगी है।

सीजन के दौरान यह मोटर बोट पर्यटकों के लिए भारी आकर्षण का केंद्र रहती हैं, जो बेहद कम समय में मुनिकीरेती से स्वर्गाश्रम और तपोवन से लक्ष्मण झूला की ओर पर्यटकों को सुरक्षित गंगा पार कराती हैं। बोट बंद होने के कारण अब देश-विदेश से आए सैलानी पैदल ही राम झूला और जानकी सेतु के जरिए गंगा पार करने को मजबूर हैं।

प्रशासन और वोट संचालित करने वाले संचालकों का कहना है कि जलस्तर बढ़ने और गंगा की तेज धाराओं को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए बोट सेवा रोकी गई है। बोट बंद होने के बाद अब राम झूला और जानकी सेतु पर पर्यटकों का दबाव बढ़ गया है। वीकेंड और सीजन के समय बोट बंद होने से स्थानीय पर्यटन और बोट संचालकों के व्यवसाय पर भी असर पड़ा है।

स्थानीय प्रशासन ने घाटों पर मौजूद जल पुलिस और एसडीआरएफ को अलर्ट पर रखा है और पर्यटकों से अपील की है कि वे बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गंगा के तेज बहाव के पास न जाएं।