अम्बेडकर नगर हत्याकांड: पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह सिपाही दोषी करार, 24 फरवरी को सजा का ऐलानअंबेडकरनगर के चर्चित 2016 हत्याकांड में शनिवार को बड़ा फैसला सामने आया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह सिपाही को अदालत ने दोषी करार दिया है। दोष सिद्ध होने के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। सजा की घोषणा 24 फरवरी को की जाएगी।यह मामला 24 मार्च 2016 का है। महरुआ थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर गांव में 30 वर्षीय मंशाराम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मंशाराम कथित तौर पर कटेहरी ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह सिपाही के घर आयोजित एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान ही उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई और बाद में शव को जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के भेवापार गांव के पास एक माइनर में फेंक दिया गया। मृतक की बुआ की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों को नामजद करते हुए तत्कालीन ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह सिपाही समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।लंबी सुनवाई के बाद अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) प्रथम राम विलास सिंह की अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अजय सिंह सिपाही को दोषी ठहराया। अब सभी की नजरें 24 फरवरी को सुनाए जाने वाले अंतिम फैसले पर टिकी हैं।