हरेला पर्व के अवसर पर गंगोत्री धाम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए गंगोत्री नेशनल पार्क, वन विभाग और भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने संयुक्त रूप से व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया।
रिपोर्ट/ सुमित कुमार स्थान/ उत्तरकाशी हरेला पर्व के उपलक्ष्य में गंगोत्री नेशनल पार्क एवं वन विभाग की टीम ने भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों के साथ मिलकर गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र में फलदार पौधों, रुद्राक्ष और देवदार के पौधों का रोपण किया।
इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर गंगोत्री रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि इस वर्ष नेलांग-जादू क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के संरक्षण का संदेश देता है और सभी लोगों को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
वृक्षारोपण अभियान में साधु-संतों, गंगोत्री पुलिस के जवानों, वन विभाग के कर्मचारियों तथा आईटीबीपी के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
हरेला पर्व पर आयोजित यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश देता है।