महाराष्ट्र में राजनीतिक उठापटक लगातार बढ़ती जा रही है. एक तरफ राजनीतिक दलों द्वारा राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख के इस्तीफे की मांग की जा रही है. दूसरी तरफ अब मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है.
माना जा रहा है कि अनिल देशमुख पर लगे आरोपों के बाद महाराष्ट्र सरकार में भी तनाव पैदा हो गया है। सीएम उद्धव ठाकरे जहां एक तरफ अनिल देशमुख को हटाने के पक्ष में हैं तो वहीं एनसीपी ऐसा नहीं चाहती। उधर कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने भी यह कहा कि इस पूरे मामले में शरद पवार की भूमिका पर सवाल उठते हैं क्योंकि महाराष्ट्र सरकार उन्होंने ही बनाई है।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में सियासी हड़कंप मच गया। इस मामले को लेकर एनसीपी प्रमुख शरद पवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस तक करना पड़ गया। विपक्ष में बैठी भारतीय जनता पार्टी ने सीधे-सीधे गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग कर दी। हालांकि आज दिल्ली में हुई एनसीपी की उच्चस्तरीय बैठक के बाद पार्टी ने साफ कर दिया कि देशमुख के इस्तीफे का सवाल ही नहीं है।