उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली के मौके पर अयोध्या में संतों और आम लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने संतों के साथ बैठकर भोजन किया और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात की। इसके बाद सीएम योगी निषाद बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने सफाईकर्मियों और उनके परिवारों से मुलाकात कर दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
संतों के साथ किया भोजन, राम मंदिर में की पूजा
दिवाली के अवसर पर सीएम योगी ने सबसे पहले राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने आरती में हिस्सा लिया और रामलला के सामने दंडवत प्रणाम किया। इसके बाद मुख्यमंत्री संतों के बीच पहुंचे और उनके साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने महंत नृत्य गोपाल दास से भी मुलाकात की।
निषाद बस्ती में घर-घर पहुंचे मुख्यमंत्री
अयोध्या में दिवाली मनाने के बाद सीएम योगी निषाद बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने सफाईकर्मियों से मुलाकात की और उनके साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री ने घर-घर जाकर परिवारों को फल और मिठाइयां बांटीं। वहीं, बच्चों को दिवाली के उपहार देकर त्योहार की खुशियों में शामिल किया।
अयोध्या के वैभव को लेकर कही ये बात
दिवाली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या की पहचान और उसके गौरव को बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी का संकल्प होना चाहिए कि आने वाले समय में अयोध्या पर किसी मंथरा या मारीच की कुदृष्टि न पड़े। कोई भी अयोध्या के वैभव को लूटने और उसे बदनाम करने की कोशिश न कर सके।
गोरखपुर में वनटांगिया परिवारों के साथ मनाएंगे दिवाली
अयोध्या का कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर जाएंगे। वहां शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर एक गांव में वनटांगिया परिवारों के साथ दिवाली मनाने का कार्यक्रम है।